मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-119 को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। लगभग 8 घंटे 37 मिनट की उड़ान के बाद विमान को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया। इस उड़ान में 19 क्रू मेंबर्स और 322 यात्री सवार थे।
एयर इंडिया ने बताया कि फ्लाइट के वॉशरूम में एक नोट मिला, जिसमें बम की धमकी दी गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर विमान को रास्ते में ही वापस मुंबई लाने का निर्णय लिया गया। विमान सुबह 10:25 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचा।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI119 रात 1:43 बजे मुंबई एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भर चुकी थी। वर्तमान में सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और कहा कि फ्लाइट को अब 11 मार्च सुबह 5 बजे के लिए फिर से शेड्यूल किया गया है।
एयरलाइन ने यात्रियों को होटल आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई है। हमारी टीम जमीनी स्तर पर पूरी मेहनत कर रही है ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। हमारी प्राथमिकता हमेशा यात्रियों और क्रू की सुरक्षा है।
इससे पहले 6 मार्च को, शिकागो से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की एक अन्य उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के 5 घंटे बाद शिकागो लौटना पड़ा था। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों के गंतव्य तक पहुंचने के लिए समय पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।
प्रवक्ता के अनुसार, 6 मार्च को फ्लाइट ग्रीनलैंड के ऊपर थी जब विमान के 12 में से 11 शौचालय बंद हो गए थे। इस दौरान, करीब 300 यात्रियों के लिए सिर्फ एक शौचालय ही काम कर रहा था, जो बिजनेस क्लास में था। इस स्थिति को देखते हुए 14 घंटे की यात्रा के बीच फ्लाइट को शिकागो के ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लौटने का निर्णय लिया गया।