कर्नाटक : इजरायली पर्यटक समेत दो से गैंगरेप, आरोपियों ने साथ रहे लोगों को नहर में ढकेला, जांच शुरू।

कर्नाटक। कर्नाटक के प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस हम्पी में 27 साल की एक इजराइली महिला टूरिस्ट और एक होम-स्टे ओनर के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप किया। घटना 6 मार्च की रात करीब 10:30 बजे तुंगभद्रा नहर के किनारे की है। पीड़ित महिलाएं नहर के किनारे बैठी हुई थीं।

महिलाओं के साथ 3 अन्य पर्यटक भी थे। इनमें से एक डेनियल अमेरिका से था, जबकि अन्य दो पंकज महाराष्ट्र से और बिबास ओडिशा से थे। आरोपियों ने गैंगरेप से पहले इन तीनों को नहर में धक्का दे दिया था। डेनियल और पंकज तैरकर बाहर आ गए, लेकिन बिबास की नहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।

बिबास की लाश दो दिन बाद मिली। पुलिस ने ओडिशा के बिबास को खोजने के लिए 7 मार्च की सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसमें फायरब्रिगेड, पुलिस और खोजी कुत्तों की मदद ली गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अंततः 8 मार्च यानी आज सुबह बिबास का शव घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर नहर के पावर हाउस के पास मिला।

29 साल की होमस्टे की मालकिन ने पुलिस को बताया कि वह अपने चार मेहमानों के साथ डिनर करने के बाद तुंगभद्रा लेफ्ट बैंक नहर के किनारे म्यूजिक सुनते हुए तारों को देखने गए थे। तभी तीन लोग बाइक पर आए और पहले पेट्रोल कहाँ मिलेगा, ऐसा सवाल किया।

इसके बाद उन्होंने इजराइली महिला से 100 रुपए मांगे। जब टूरिस्ट ने पैसे देने से मना कर दिया, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान तीनों टूरिस्ट बीच बचाव करने आए तो इन लोगों ने उन्हें नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद उन्होंने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया और वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद, चारों ने पहले नदी में डूबे हुए बिबाश को ढूंढा, फिर वे अपने होमस्टे पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। पुलिस ने FIR दर्ज कर पीड़ितों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। कोप्पल के एसपी आर. एल. अरासिद्दी ने जानकारी दी कि सनापुर के पास पांच लोगों पर हमला हुआ था, जिनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। महिलाएं सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत गैंगरेप, लूटपाट और हत्या के प्रयास की धाराओं में FIR दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *