हिसार में कांग्रेस को एक बड़ा झटका तब लगा जब नगर निगम के पूर्व चेयरमैन बिहारीलाल राडा, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रोहित, हिसार लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सनेत और कई अन्य नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इसके साथ ही, 2019 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे रामनिवास राड़ा भी भाजपा में शामिल हो गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नेताओं को पटका पहनाकर भाजपा में स्वागत किया। भाजपा के हिसार जिला अध्यक्ष अशोक सैनी और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी इस अवसर पर मौजूद थे।
रामनिवास राड़ा ने 2019 में हिसार विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और 2024 में भी कांग्रेस ने उन्हें उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वे दोनों बार दूसरे स्थान पर रहे। 2024 में उन्हें करीब 30,000 से अधिक वोट मिले थे। विधानसभा चुनाव के बाद, उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। सोमवार को उन्होंने हिसार नगर निगम के मेयर पद के लिए आजाद नामांकन दाखिल किया था और चुनाव में मजबूत मुकाबला करने की घोषणा की थी। इसके बाद, बुधवार को भाजपा ने उन्हें अपने दल में शामिल कर लिया। रामनिवास राड़ा 2014 में हरियाणा जनहित कांग्रेस के टिकट पर बरवाला विधानसभा से भी चुनाव लड़ चुके हैं।