दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सांसद अमृतपाल सिंह ने मांगी पैरोल, अमृतसर कोर्ट में याचिका की तैयारी
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के दो दिन की छुट्टी पर होने के कारण टली सुनवाई; चाचा हरजीत सिंह और सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी मांगी जाएगी अंतरिम जमानत
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहते हैं। इसके लिए उनकी कानूनी टीम ने अमृतसर अदालत में पैरोल की याचिका पेश करने की तैयारी की है। वहीं, परिवार के दो अन्य सदस्यों हरजीत सिंह और सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी अंतरिम जमानत मांगी जाएगी।
वारिस पंजाब दे के नेता और मीडिया इंचार्ज शमशेर सिंह पधरी ने अमृतसर अदालत परिसर में पत्रकारों को बताया कि याचिका अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश परिंदर सिंह की अदालत में पेश की जानी थी। सरकारी छुट्टी के बाद वकील अदालत पहुंचे, लेकिन संबंधित जज के दो दिन की छुट्टी पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी।
पधरी के मुताबिक, जज के वापस लौटने के बाद याचिका प्राथमिकता के आधार पर पेश की जाएगी। परिवार की इच्छा है कि अमृतपाल सिंह को अपनी दादी की अंतिम यात्रा और संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिले।
चाचा के लिए भी मांगी जाएगी अंतरिम जमानत
कानूनी टीम माता चरण कौर के बेटों हरजीत सिंह और सुखमनप्रीत सिंह के लिए भी अंतरिम जमानत की मांग करेगी। कानूनी पैनल के प्रतिनिधि ने बताया कि माता चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था। उनके अनुसार, माता चरण कौर की अंतिम इच्छा अपने पोते अमृतपाल सिंह से मिलने की थी।
पहले भी अदालत में लगाई गई थी याचिका
अमृतपाल सिंह से मुलाकात की अनुमति लेने के लिए इससे पहले भी अदालत में याचिका दायर की गई थी। कानूनी पैनल के प्रतिनिधि के मुताबिक, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए मुलाकात की अनुमति नहीं दी थी।
प्रतिनिधि ने यह भी आरोप लगाया कि अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 10 मिनट बातचीत की अनुमति दी थी, लेकिन प्रशासन की ओर से इसकी व्यवस्था नहीं की गई। अब दादी के निधन के बाद परिवार और कानूनी टीम अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल की मांग कर रही है।
फिलहाल अदालत में याचिका पर सुनवाई का इंतजार है। अमृतपाल सिंह को पैरोल मिलेगी या नहीं, इस पर अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई के बाद ही होगा।

