मोहाली में दिवाली की रात 14 कारें जलने के मामले में ट्विस्ट, जमीन विवाद में आग लगाने का आरोप

मोहाली में दिवाली की रात कारों में आग लगने के मामले में नया मोड़, जमीन विवाद में आग लगाने का आरोप; 5 पर FIR

शुरुआत में पटाखों और आतिशबाजी से आग लगने की जताई गई थी आशंका; कारोबारी ने जमीन मालिक और उसके परिवार पर लगाया साजिश का आरोप, 14 कारें जलकर हुई थीं राख

मोहाली के एयरपोर्ट रोड पर दिवाली की रात कारों के शोरूम और गोदाम में लगी आग के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआत में आग लगने की वजह दिवाली के पटाखों और आतिशबाजी को माना जा रहा था, लेकिन अब कारोबारी ने इसे जमीन विवाद से जुड़ी साजिश बताया है।

कारोबारी अजय कुमार आर्य की शिकायत पर बलौंगी थाना पुलिस ने जमीन मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अदालत में चल रहे जमीन विवाद की रंजिश के चलते गोदाम में जानबूझकर आग लगाई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन विवाद के चलते आग लगाने का आरोप

सनी एन्क्लेव निवासी अजय कुमार आर्य के मुताबिक, वह TDI सेक्टर-117 में ऑटोमार्ट वर्ल्ड के नाम से कारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करते हैं। जिस जमीन पर उनका शोरूम और गोदाम बना हुआ है, उसके मालिक गुरदीप सिंह निवासी गांव बल्लो माजरा के साथ उनका विवाद चल रहा है। यह मामला मोहाली की अदालत में विचाराधीन है।

अजय ने आरोप लगाया कि दिवाली की रात गुरदीप सिंह, उसके बेटे हरमन और दामाद गैरी ने गोदाम के शेड पर लगी सोलर प्लेटों को नुकसान पहुंचाया और उन्हें शेड के पीछे फेंक दिया। इसके बाद गोदाम में आग लगा दी गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, यह घटना जमीन विवाद की रंजिश के कारण अंजाम दी गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।

गुरदासपुर गया हुआ था कारोबारी, पार्टनर ने दी सूचना

अजय कुमार आर्य ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने कार शोरूम में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश करवाया हुआ है। वह दिवाली से एक दिन पहले, 7 नवंबर को अपने पैतृक गांव गुरदासपुर गए हुए थे।

दिवाली की शाम उनके पार्टनर रुपिंदर सिंह ने फोन करके शोरूम में आग लगने की जानकारी दी। आग इतनी भीषण थी कि वहां खड़ी 14 कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।

पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, फॉरेंसिक जांच जारी

थाना बलौंगी के जांच अधिकारी जसविंदर सिंह के अनुसार, अजय कुमार आर्य के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(F) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

FIR में गुरदीप सिंह, जय सिंह, जसवीर सिंह और हरमन सिंह निवासी गांव बल्लो माजरा तथा गैरी निवासी गांव भागो माजरा को नामजद किया गया है।

पुलिस फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

आग में जली धार्मिक पोथियां सम्मान सहित गुरुद्वारा साहिब पहुंचाईं

आग की चपेट में आने से शोरूम में मौजूद धार्मिक पोथियां भी जल गई थीं। पुलिस के मुताबिक, जली हुई पोथियों को पूरी श्रद्धा और गुरु मर्यादा के अनुसार गुरुद्वारा साहिब पहुंचाया गया है।

गांव का नंबरदार है जय सिंह

मामले में नामजद जय सिंह गांव का नंबरदार बताया जा रहा है, जबकि गुरदीप सिंह उसका बेटा है। गुरदीप सिंह की TDI क्षेत्र में डेयरी होने की भी जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जमीन विवाद, सोलर प्लेटों को नुकसान पहुंचाने और आग लगाने के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *