पंजाब में 1,000 खेल मैदानों का वर्चुअल उद्घाटन, CM भगवंत मान बोले- युवा रोज खेलने आएं, मैदानों में लगवाई हैं लाइटें
अमलोह (फतेहगढ़ साहिब): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य में तैयार किए गए 1,000 खेल मैदानों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के समर्थन में नारे भी लगाए।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत की और उन्हें नए खेल मैदानों की बधाई दी। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से मैदान में आने और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की अपील की।
युवाओं से बोले- रोज मैदान में खेलने आया करो
खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि अब मैदानों में लाइटों की व्यवस्था भी कर दी गई है, इसलिए युवा रोज यहां खेलने आया करें। उन्होंने खिलाड़ियों से पूछा कि वे वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट सहित कौन-कौन से खेल खेलते हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि वे सभी खेलों में हिस्सा लेते हैं।
क्रिकेट किट और लेदर बॉल को लेकर की चर्चा
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से क्रिकेट किट में मिलने वाले सामान के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें किट में पूरा सामान उपलब्ध कराया जा रहा है और क्या वे लेदर बॉल से क्रिकेट खेलते हैं। खिलाड़ियों ने दोनों सवालों का जवाब हां में दिया।
खिलाड़ियों के साथ खिंचवाई तस्वीर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ बॉल पकड़कर तस्वीर भी खिंचवाई। उन्होंने उनसे मैदान की सुविधाओं के बारे में पूछा। खिलाड़ियों ने नए मैदान को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें दिवाली जैसी खुशी महसूस हो रही है।
वॉलीबॉल खेलने का वादा, किया पौधारोपण
बातचीत के दौरान खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से उनके साथ वॉलीबॉल खेलने की इच्छा जताई। इस पर भगवंत मान ने कहा कि वह जरूर उनके साथ वॉलीबॉल खेलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खेल मैदान में पौधारोपण भी किया। उन्होंने अधिकारियों द्वारा तैयार किए गए खेल मैदानों के मॉडल देखे और मैदानों में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।

