दलजीत सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मॉर्फिन और बेंजोडायजेपाइंस मिले, मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
मानसा: पंजाब के मानसा जिले के गांव भम्मे कलां के 35 वर्षीय दलजीत सिंह की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद नया मोड़ आया है। पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए यूरिन सैंपल की जांच में मॉर्फिन और बेंजोडायजेपाइंस की मौजूदगी मिली है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन पदार्थों की मौजूदगी के आधार पर मौत का वास्तविक कारण तय नहीं किया जा सकता। अंतिम निष्कर्ष के लिए विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मानसा के SSP वैभव चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रिपोर्ट में मृतक के शरीर में मॉर्फिन की मौजूदगी का उल्लेख है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने दलजीत के पिता जरनैल सिंह के बयानों के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया है।
यूरिन सैंपल में दो पदार्थों की मौजूदगी
मेडिकल जांच के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए दलजीत सिंह के यूरिन सैंपल में मॉर्फिन और बेंजोडायजेपाइंस पॉजिटिव पाए गए हैं।
मॉर्फिन ओपिओइड श्रेणी का पदार्थ है, जबकि बेंजोडायजेपाइंस दवाओं का एक समूह है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से चिंता और नींद से जुड़ी समस्याओं के इलाज में किया जाता है। हालांकि, इन पदार्थों की मौजूदगी अपने आप में मौत की वजह साबित नहीं करती।
27 अक्टूबर को खेतों में मिला था शव
दलजीत सिंह का शव 27 अक्टूबर की सुबह मानसा जिले के रामानंदी गांव के पास खेतों में मिला था। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पिता जरनैल सिंह की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
दूसरी तरफ, परिवार ने दलजीत की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका जताई है। उसकी पत्नी परमजीत कौर के अनुसार, दलजीत पहले नशे का आदी था, लेकिन उसने करीब तीन सप्ताह पहले नशा छोड़ दिया था। परिवार क्षेत्र में नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
शव को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में हुआ था टकराव
27 अक्टूबर को परिवार और ग्रामीण दलजीत का शव लेकर मानसा में झोटा के इंसाफ मोर्चे में शामिल होने जा रहे थे। रामदित्तेवाला चौक के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ।
परिवार ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने और शव को जबरन कब्जे में लेने के आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस शव को AIIMS बठिंडा ले गई, जहां 28 अक्टूबर को पोस्टमार्टम किया गया।
इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस टीम पर हमले के आरोप में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया था। पुलिस का दावा था कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया था।
बहन ने हाईकोर्ट में दायर की थी याचिका
दलजीत की बहन अमरजीत कौर ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की CBI जांच कराने, PGI चंडीगढ़ के डॉक्टरों के बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम करवाने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की थी।
याचिका में आरोप लगाया गया था कि पुलिस ने परिवार की सहमति के बिना शव को अपने कब्जे में लिया और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया।
पुलिस की कार्रवाई पर हाईकोर्ट ने उठाए थे सवाल
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से सवाल किया था कि पुलिस ने दलजीत का शव परिवार से अपने कब्जे में क्यों लिया और ऐसा करने से पुलिस को क्या हासिल हुआ। अदालत ने यह टिप्पणी भी की थी कि प्रत्येक मृत व्यक्ति को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार का अधिकार है।
फिलहाल, पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही दलजीत सिंह की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

