पंजाब में वाहन चालकों पर पुलिस की सख्ती, नवंबर में 4,333 चालान और 127 वाहन जब्त
श्री मुक्तसर साहिब में रात के समय विशेष चेकिंग अभियान तेज, बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई
श्री मुक्तसर साहिब: पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी अभिमन्यु राणा के नेतृत्व में जिले की चारों सब-डिवीजनों श्री मुक्तसर साहिब, मलोट, गिद्दड़बाहा और लंबी में रात के समय नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
एसएसपी अभिमन्यु राणा खुद भी अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर अभियान का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की नजर
नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस वाहनों के दस्तावेजों और नंबर प्लेट की जांच कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस की टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुख्य सड़कों, बाजारों, गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी जांच कर रही हैं। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और पुलिस रिकॉर्ड की जांच के लिए PAIS ऐप, जबकि वाहनों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए वाहन ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा रात के समय पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी शिकंजा
रात के समय चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के गाड़ी चलाने, ट्रिपल राइडिंग और जरूरी दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान काट रही है। जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जा रहा है।
नवंबर में 4,333 चालान, 127 वाहन जब्त
एसएसपी अभिमन्यु राणा के मुताबिक, श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने नवंबर महीने में 20 नवंबर 2026 तक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कुल 4,333 चालान किए हैं। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 127 वाहनों को जब्त किया गया है।
कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार:
- काली फिल्म लगे वाहनों के 40 चालान।
- बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के 284 चालान।
- ट्रिपल राइडिंग के 239 चालान।
- अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 3,643 चालान।
एक महीने में लगाए गए 120 ट्रैफिक जागरूकता सेमिनार
पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान चला रही है। एसएसपी ने बताया कि एक महीने के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, गांवों, शहरों और सार्वजनिक स्थानों पर करीब 120 ट्रैफिक जागरूकता सेमिनार आयोजित किए गए हैं।
उन्होंने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनने की अपील की। साथ ही शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी।
एसएसपी ने माता-पिता से विशेष अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें। बिना लाइसेंस वाहन चलाना बच्चों के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने बाजारों में वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने की सलाह भी दी।
अभियान लगातार जारी रहेगा
एसएसपी अभिमन्यु राणा ने स्पष्ट किया कि जिले में नाइट डोमिनेशन और विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिले के लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

