फरीदकोट का ऐतिहासिक किला मुबारक 26 नवंबर से आम लोगों के लिए खुलेगा, एक सप्ताह तक कर सकेंगे दीदार
गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन से पहले खोला जाएगा किला, विधायक गुरदित्त सेखों और डीसी राहुल चाबा ने तैयारियों का लिया जायजा
फरीदकोट: पंजाब की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक किला मुबारक 26 नवंबर से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। शहरवासी और पर्यटक 2 दिसंबर तक इस ऐतिहासिक धरोहर का दीदार कर सकेंगे। मंगलवार शाम विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने किले का दौरा कर वहां चल रही तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशाल नगर कीर्तन 2 दिसंबर को किला मुबारक से शुरू होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक किले को आम लोगों के लिए खोलने का फैसला किया गया है।
युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने की पहल
विधायक ने कहा कि किला मुबारक फरीदकोट की समृद्ध ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे आम लोगों के लिए खोलने का उद्देश्य शहरवासियों, खासकर युवा पीढ़ी को अपनी विरासत और इतिहास से रूबरू करवाना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे प्रयासों से लोगों को प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
डीसी ने लोगों से की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील
डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे किला मुबारक देखने जरूर आएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आगंतुकों की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध किए जाएंगे।
डीसी ने लोगों से किले की ऐतिहासिक गरिमा बनाए रखने और परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने प्रशासन को सहयोग देने का भी आग्रह किया, ताकि इस धरोहर को सुरक्षित और स्वच्छ रखा जा सके।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
किला मुबारक के दौरे के दौरान नगर कौंसिल प्रधान बलजिंदर सिंह आहूजा, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह और अमरजीत परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

