मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार के समक्ष होंगे पेश, नंगे पांव देंगे स्पष्टीकरण

अमृतसर/चंडीगढ़:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज 15 जनवरी को श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के समक्ष पेश होंगे। जत्थेदार ने मुख्यमंत्री को उनके कुछ विवादित बयानों के संदर्भ में तलब किया है, जिन पर सिख धर्म की मर्यादा को लेकर आपत्ति जताई गई थी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया है कि वह सुबह 10 बजे एक आम सिख के रूप में नंगे पांव श्री अकाल तख़्त साहिब पहुंचकर अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पेशी के समय में किसी प्रकार के बदलाव को लेकर उनके या मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं किया गया है।

मुख्यमंत्री मान ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने की मांग करते हुए कहा कि पूछताछ की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाना चाहिए, ताकि संगत और आम जनता को सच्चाई से अवगत कराया जा सके।

गौरतलब है कि यह पूरा विवाद मुख्यमंत्री के उन बयानों के बाद सामने आया, जो गोलक (दान पेटी) से जुड़े बताए जा रहे हैं। इन्हीं टिप्पणियों को लेकर श्री अकाल तख़्त साहिब ने संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री को तलब किया था।

इस पेशी को धार्मिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, जिस पर पूरे पंजाब की नजरें टिकी हुई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *