हलवारा एयरपोर्ट से लुधियाना-दिल्ली की पहली उड़ान: 7 साल बाद साकार हुआ सपना, PM मोदी आज करेंगे उद्घाटन

Punjabi Doordarshan | लुधियाना

लुधियाना के लोगों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (1 फरवरी) हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही लुधियाना से दिल्ली की पहली फ्लाइट की औपचारिक शुरुआत का रास्ता साफ हो जाएगा।

प्रधानमंत्री जालंधर से वर्चुअल माध्यम से इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।

तीन मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में पूरा हुआ एयरपोर्ट

हलवारा एयरपोर्ट की नींव तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यकाल में रखी गई थी।
इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी के समय निर्माण कार्य को गति मिली, जबकि मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में यह एयरपोर्ट उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार किया गया।

एयरपोर्ट को आकार लेने में करीब 7 साल का समय लगा। जमीन अधिग्रहण से लेकर तकनीकी मंजूरियों तक कई स्तरों पर चुनौतियां सामने आईं, जिन्हें प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से सुलझाया।

1 मार्च से लुधियाना-दिल्ली फ्लाइट शुरू

कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि 1 मार्च से लुधियाना और दिल्ली के बीच रोज़ाना 2 फ्लाइट्स शुरू की जाएंगी।
यात्रियों की संख्या बढ़ने पर देश के अन्य बड़े शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी।

एयर इंडिया ने भेजा प्रस्ताव

प्रधानमंत्री के उद्घाटन के तुरंत बाद यहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। Air India ने लुधियाना से दिल्ली और अन्य शहरों के लिए फ्लाइट संचालन को लेकर पत्र भेजा है।

भविष्य में यात्रियों की मांग के अनुसार बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता जैसे औद्योगिक शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी। Airport Authority of India अन्य एयरलाइंस से भी बातचीत कर रहा है।

इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए करना होगा इंतजार

फिलहाल हलवारा एयरपोर्ट पर डोमेस्टिक टर्मिनल ही तैयार किया गया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया जल्द ही इंटरनेशनल टर्मिनल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा।

GLADA और AAI का जॉइंट वेंचर

हलवारा एयरपोर्ट GLADA और AAI का संयुक्त उपक्रम है।

  • एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की हिस्सेदारी: 51%
  • पंजाब सरकार (GLADA) की हिस्सेदारी: 49%

एयरपोर्ट के संचालन के लिए Ludhiana International Airport Limited (LIAL) नामक कंपनी बनाई गई है।

एयरपोर्ट निर्माण पर कितना खर्च हुआ?

  • टर्मिनल बिल्डिंग: लगभग ₹27 करोड़
  • टैक्सी-वे और विमान पार्किंग: ₹27 करोड़
  • एप्रोच रोड: करीब ₹10 करोड़
  • कुल निर्माण लागत: लगभग ₹70 करोड़

इसके अलावा 161.27 एकड़ जमीन के बदले किसानों को करीब ₹39.40 करोड़ का मुआवजा दिया गया। प्रति एकड़ मुआवजा लगभग ₹20.61 लाख तय किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *