चंडीगढ़:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज से दो दिवसीय मुंबई दौरे पर रवाना हो गए हैं। यह दौरा पंजाब सरकार के मिशन इन्वेस्टमेंट अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत मुख्यमंत्री देश के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात कर उन्हें पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मान कई कॉरपोरेट प्रतिनिधियों और उद्योग समूहों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में निवेश से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी और कुछ एमओयू (MoU) साइन होने की भी संभावना है। सरकार का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
दिवंगत नेता के परिवार से करेंगे मुलाकात
मुंबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मान महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आवास पर जाकर उनके परिवार से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसे एक शिष्टाचार और संवेदनशील राजनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
पहले भी निवेश लाने में रही है सफलता
मुख्यमंत्री भगवंत मान इससे पहले भी निवेश को लेकर कई महत्वपूर्ण दौरे कर चुके हैं। सितंबर 2022 में उन्होंने जर्मनी का दौरा किया था, जो उनकी पहली विदेश यात्रा थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में उन्होंने मिशन इन्वेस्टमेंट के तहत जापान के टोक्यो, ओसाका और सपोरो शहरों का दौरा किया, जहां कई औद्योगिक समझौते हुए।
मुंबई का यह दौरा भी पहले की तरह अहम माना जा रहा है। अगस्त 2024 में हुए मुंबई दौरे के दौरान कई बड़े उद्योग समूहों ने पंजाब में निवेश को लेकर रुचि दिखाई थी। इनमें स्टील, टेक्नोलॉजी और डेटा सेंटर से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल रहे।
सरकार को उम्मीद है कि मौजूदा मुंबई दौरे से पंजाब में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

