मोहाली:
पंजाब के मोहाली में एक टैक्सी ड्राइवर और विदेशी महिला के बीच ₹340 के किराए को लेकर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला उस समय सामने आया, जब महिला ने तय किराया देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
जानकारी के अनुसार, टैक्सी ड्राइवर ने रैपिडो ऐप के जरिए सेक्टर-82 से जीरकपुर के लिए बुकिंग प्राप्त की थी। बुकिंग किसी अन्य व्यक्ति के नाम से की गई थी, लेकिन पिकअप प्वाइंट पर एक विदेशी महिला मौजूद थी, जिसे ड्राइवर गंतव्य की ओर लेकर चल पड़ा।
किराया मांगने पर बढ़ा विवाद
ड्राइवर का कहना है कि जब वह पटियाला रोड के पास पहुंचा, तो महिला ने यहीं उतरने की बात कही। इस पर ड्राइवर ने तय किराया मांगा, लेकिन महिला ने यह कहते हुए भुगतान से इनकार कर दिया कि उसके पास पैसे नहीं हैं और जिसने कैब बुक की है वही भुगतान करेगा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
वीडियो बनाने पर छीना मोबाइल
विवाद बढ़ने पर ड्राइवर ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया। वायरल वीडियो में महिला ड्राइवर से मोबाइल छीनने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। एक अन्य वीडियो में महिला कार की ड्राइवर सीट पर बैठने और गाड़ी चलाने की कोशिश करती नजर आती है, हालांकि ड्राइवर पहले ही चाबी निकाल चुका था।
दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किए जा रहे हैं, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है।
वायरल होने के बाद पहुंचे पैसे
ड्राइवर ने बताया कि घटना के करीब दो घंटे बाद उसके मोबाइल पर गूगल-पे के जरिए ₹400 किसी अनजान नंबर से भेजे गए। ड्राइवर का कहना है कि उसे शक है कि वीडियो वायरल होने के बाद किसी जानकार ने यह रकम ट्रांसफर की होगी, जबकि तय किराया ₹340 ही था।
ड्राइवरों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद टैक्सी और ऑटो यूनियनों ने ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। यूनियन नेताओं का कहना है कि चंडीगढ़ और ट्राई-सिटी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ड्राइवरों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

