अमृतसर:
बिक्रम सिंह मजीठिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली ज़मानत के बाद पंजाब की राजनीति में बयानबाज़ी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता और मजीठा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी तलबीर सिंह गिल ने अमृतसर में प्रेस से बातचीत करते हुए अकाली दल और भाजपा पर सीधा हमला बोला।
तलबीर गिल ने कहा कि किसी भी मामले में ज़मानत मिलना कोई बड़ी जीत नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि ज़मानत को लेकर जश्न मनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार, अदालत में मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और अंतिम फैसला आना बाकी है।
जमानत से केस खत्म नहीं होता
आप नेता ने साफ शब्दों में कहा कि ज़मानत केवल एक कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है, न कि आरोपों से मुक्ति। उन्होंने कहा कि यह दिखाया जा रहा है जैसे पूरा मामला खत्म हो गया हो, जबकि सच्चाई यह है कि अदालत में अभी कई अहम सबूत पेश किए जाने बाकी हैं।
पैसों के लेन-देन का सच आएगा सामने
तलबीर सिंह गिल ने दावा किया कि सरकार के पास इस मामले से जुड़े ठोस दस्तावेज और पुख्ता प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अदालत की कार्यवाही के दौरान यह साफ होगा कि पैसा कहां से आया, किन कंपनियों से संबंध रहे और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया।
उनका कहना था कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत पैसों के लेन-देन का पूरा सच जनता के सामने आएगा।
बेबुनियाद बयानबाज़ी से पंजाब को नुकसान
आप नेता ने कहा कि केवल ज़मानत के आधार पर राजनीतिक बयानबाज़ी करना पंजाब के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें जानबूझकर माहौल खराब कर रही हैं और असली मुद्दों से ध्यान भटका रही हैं।
उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अब खुद को पाक-साफ बताने की स्थिति में नहीं है और अकाली दल के साथ मिलकर एक जैसी राजनीति कर रही है।
न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा
तलबीर गिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी अदालत और न्यायिक प्रक्रिया का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अदालत के अंतिम फैसले को स्वीकार करेगी। साथ ही यह भी दोहराया कि जब सच्चाई सामने आएगी, तब यह तय हो जाएगा कि कौन सही है और कौन गलत।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब और पंजाबियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और सच्चाई को सामने लाने की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

