चंडीगढ़:
पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वालों के लिए अहम अपडेट है। आज (11 फरवरी) से राज्यभर में सरकारी बसों का चक्का जाम किया गया है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने दोपहर बाद से शाम तक बसें बंद रखने का ऐलान किया है।
यूनियन के मुताबिक, यदि मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो 12 फरवरी को मुख्यमंत्री भगवंत मान की रिहायश के बाहर धरना दिया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
क्यों हो रही है हड़ताल
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल का कहना है कि लंबे समय से कॉन्ट्रैक्ट/आउटसोर्स पर काम कर रहे कर्मचारियों की मांगें लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेशल कैडर पॉलिसी 2023 के चलते कर्मचारियों की समस्याएं बढ़ी हैं और सरकार टाल-मटोल कर रही है।
कर्मचारियों की मुख्य मांगें
- कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए
- वेतन कटौती बहाल हो और समय पर भुगतान हो
- पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू की जाए
- विभाग में नई बसों की खेप शामिल की जाए
- आउटसोर्सिंग भर्ती पर तत्काल रोक लगे
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- 11 फरवरी दोपहर बाद सरकारी बसों का संचालन पूरी तरह प्रभावित रहेगा
- बस स्टैंड्स पर भीड़ और देरी की संभावना है
- वैकल्पिक साधन (निजी बस, ट्रेन, कैब) पहले से तय करें
- घर से निकलने से पहले लेटेस्ट अपडेट जरूर देखें

