फिरोजपुर फायरिंग केस: पत्नी-बेटे को गोली मारने वाले जगसीर सिंह की मौत, अस्पताल में तोड़ा दम

फिरोजपुर/फाजिल्का:
फिरोजपुर जिले में दिल दहला देने वाली पारिवारिक फायरिंग की घटना में बड़ा अपडेट सामने आया है। पत्नी और छोटे बेटे को गोली मारने के बाद खुद को शूट करने वाले जगसीर सिंह (37) की इलाज के दौरान मौत हो गई है। उसने लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

पत्नी और बेटे की हालत गंभीर

घटना में जगसीर की पत्नी नवनीत कौर के सिर में गोली लगी थी, जो अब भी फंसी हुई है। वहीं 4 साल के बेटे वारिसदीप को पेट में गोली मारी गई थी, जो लिवर को पार करते हुए अंदर अटक गई। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की सर्जरी के बाद हालत में कुछ सुधार है, लेकिन पत्नी की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

बड़ा बेटा बाल-बाल बचा

घटना के वक्त परिवार का 10 वर्षीय बड़ा बेटा स्कूल गया हुआ था, जिस कारण उसकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, उस समय घर में केवल पति-पत्नी और छोटा बेटा ही मौजूद थे।

क्या है पूरा मामला? (2 प्वाइंट में)

  • शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे, फिरोजपुर के बाजीदपुर गांव में जगसीर सिंह ने पहले अपनी पत्नी और बेटे को गोली मारी, फिर खुद को शूट कर लिया।
  • गोली लगने के बाद तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान जगसीर सिंह की मौत हो गई।

आर्थिक रूप से संपन्न था परिवार

ग्रामीणों के मुताबिक, जगसीर सिंह आर्थिक रूप से मजबूत था। उसके पास करीब 20 एकड़ जमीन थी और वह लगभग 100 एकड़ जमीन ठेके पर लेकर खेती करता था। हाल ही में उसने नया ट्रैक्टर खरीदा था और कुछ समय पहले अतिरिक्त जमीन भी ली थी। ऐसे में प्राथमिक तौर पर घटना के पीछे आर्थिक तनाव की आशंका कम जताई जा रही है।

पुलिस जांच जारी

फिरोजपुर के एसएसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की मौत हो चुकी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।

पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए हैं और परिवार के अन्य सदस्यों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *