CM भगवंत मान अस्पताल में भर्ती: संगरूर में बढ़ा ब्लड प्रेशर, हेलीकॉप्टर से मोहाली लाए गए

Punjabi Doordarshan | Political Desk | Mohali

मोहाली:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, संगरूर दौरे के दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया, जिसके बाद पहले स्थानीय स्तर पर जांच करवाई गई। हालत में सुधार न होने पर उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए मोहाली लाया गया।

फोर्टिस अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी

मोहाली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि मुख्यमंत्री को रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए लाया गया था। सभी जरूरी जांच करवाई गई हैं और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

डॉक्टरों के अनुसार, मुख्यमंत्री को अत्यधिक थकान की शिकायत थी, इसी कारण उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल में डीजीपी गौरव यादव और पंजाब के चीफ सेक्रेटरी भी मौजूद रहे।

धूरी में पूजा के बाद बिगड़ी तबीयत

सीएम भगवंत मान मंगलवार दोपहर संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने मंदिर में पूजा-पाठ और हवन यज्ञ किया।

इसी कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक खराब हो गई।

फाजिल्का दौरा रद्द, मोगा रैली पर संशय

स्वास्थ्य खराब होने के चलते मुख्यमंत्री का फाजिल्का दौरा रद्द कर दिया गया है। वहीं 16 फरवरी को मोगा में प्रस्तावित रैली को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है, हालांकि पार्टी की ओर से फिलहाल कार्यक्रम जारी बताया जा रहा है।

कल भांजी की शादी में हुए थे शामिल

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान एक दिन पहले पारिवारिक समारोह में शामिल हुए थे। उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया था कि वे अपनी भांजी डॉ. हरमनदीप कौर की शादी में परिवार सहित शामिल हुए थे।

पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत

यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। इससे पहले सितंबर 2025 में बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उस समय भी उन्हें कुछ दिन अस्पताल में रहकर इलाज कराना पड़ा था और उन्होंने अस्पताल से ही कैबिनेट मीटिंग की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *