फिरोजपुर-पट्टी रोड पर BSF बस हादसे का शिकार
फिरोजपुर: फिरोजपुर-पट्टी रोड पर पुल बंडाला के पास BSF जवानों को लेकर जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। हादसा शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। बस सड़क से उतरकर धान के खेतों में पलट गई। दुर्घटना में BSF के 6 जवान घायल हुए हैं, जबकि बस में सवार बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब बस चालक सामने से आ रहे एक ट्राले को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।
बस में सवार थे 34 BSF जवान
BSF इंस्पेक्टर राम कुमार के मुताबिक, बस हुसैनीवाला से खेमकरण मुख्यालय की ओर जा रही थी। बस में कुल 34 जवान सवार थे। पुल बंडाला के नजदीक ट्राले को ओवरटेक करते समय चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और BSF कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवानों को उपचार के लिए BSF अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
क्रेन की मदद से निकाली गई बस
हादसे के बाद बस खेत में पलटी हुई थी। बाद में BSF की टीम ने क्रेन की मदद से बस को खेत से बाहर निकाला। घटना के चलते कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल घायल जवानों की हालत को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

