अमृतसर:
आम आदमी पार्टी के पंजाब मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोगा में आयोजित विशाल जनसभा को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण राजनीतिक रैली नहीं थी, बल्कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के संकल्प का प्रतीक थी।
धालीवाल ने कहा कि मोगा रैली के साथ पंजाब में नशे के खिलाफ दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है और सरकार इस मुहिम को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नशे के खिलाफ जनता की लड़ाई
कुलदीप सिंह धालीवाल ने स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ सरकार या पुलिस का नहीं, बल्कि आम जनता की भागीदारी से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में विलेज डिफेंस कमेटियां, पंजाब पुलिस और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह एक सरकारी कार्यक्रम था, जिसमें डीजीपी और चीफ सेक्रेटरी ने भी हिस्सा लिया और अपने-अपने विभागों की रिपोर्ट जनता के सामने रखी।
40 किलो स्मैक बरामद, सरपंच को 10 लाख इनाम
धालीवाल ने बताया कि विलेज डिफेंस कमेटियों से मिली सूचना के आधार पर कोठियां गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 किलो स्मैक बरामद की गई। इस उल्लेखनीय सफलता के लिए संबंधित सरपंच को सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का इनाम दिया गया।
इसके साथ ही एसएचओ, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विपक्ष पर तीखा हमला
AAP प्रवक्ता ने अकाली दल और कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को पहले यह बताना चाहिए कि अपने शासनकाल में उन्होंने नशे के खिलाफ क्या ठोस कदम उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की नीतियों के कारण ही पंजाब को नशे की आग में झोंका गया।
सीएम भगवंत मान की सेहत पर सफाई
मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत को लेकर फैल रही अफवाहों पर धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशर सामान्य उतार-चढ़ाव के कारण चेकअप के लिए अस्पताल गया था और वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर काम पर लौटेंगे।
Punjabi Doordarshan Analysis
AAP सरकार ने साफ कर दिया है कि नशे के खिलाफ इस जंग में कोई समझौता नहीं होगा। आने वाले दिनों में जो गांव और कमेटियां इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, उन्हें भी सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

