लुधियाना:
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों की सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर गहराती नजर आ रही है। पहले सेंट्रल हलके के विधायक अशोक पाराशर पप्पी को धमकी मिलने का मामला सामने आया था और अब आत्म नगर से विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के घर की रेकी किए जाने की सनसनीखेज घटना ने पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है।
घर के बाहर संदिग्ध कार, गनमैन ने देखा तो भागे आरोपी
विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के अनुसार, बीती रात करीब 9 बजे वह अपने निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान काले शीशों वाली एक संदिग्ध आई-20 कार उनके घर के बाहर आकर रुकी। कार करीब दो मिनट तक वहीं खड़ी रही, जिससे ऐसा प्रतीत हुआ कि उसमें सवार लोग घर की पहचान या रेकी कर रहे थे।
जैसे ही विधायक के गनमैन ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी की ओर बढ़ने की कोशिश की, कार में सवार लोग तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए।
पुलिस अलर्ट, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह महज संयोग था या फिर किसी साजिश की तैयारी।
धमकियों से नहीं डरूंगा – विधायक कुलवंत सिद्धू
विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि वह किसी भी तरह की गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन पर धन-धन बाबा दीप सिंह जी का आशीर्वाद है और वह जनता की सेवा के रास्ते से कभी पीछे नहीं हटेंगे।
आतंकी पन्नू की हिट लिस्ट में नाम, इंटरनेशनल कॉल्स से बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन से जुड़े आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू पहले भी विधायक कुलवंत सिद्धू को जान से मारने की धमकी दे चुका है। बीते एक सप्ताह से विधायक के मोबाइल फोन पर लगातार संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रही हैं।
खतरे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विधायक को पहले ही सतर्क रहने और विदेशी नंबरों से आने वाली कॉल्स न उठाने की सलाह दी थी। अब घर के बाहर संदिग्ध वाहन का दिखना इस पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है।
राजनीतिक सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने पंजाब में राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम को हाई रिस्क केस मानकर जांच में जुटी हुई हैं।

