Breaking: कैप्टन अमरिंदर को समन भेजने वाले ED अधिकारी पर सख्त कार्रवाई, हुआ तबादला

जालंधर:
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को समन जारी करने के मामले में अब बड़ा प्रशासनिक कदम सामने आया है। इस समन से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक वरिष्ठ अधिकारी का तबादला कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कैप्टन अमरिंदर सिंह को समन जारी करने वाले ED के अतिरिक्त निदेशक रवि तिवारी को जालंधर जोनल कार्यालय से हटा दिया गया है। उन्हें अब चेन्नई स्थानांतरित किया गया है। हालांकि, इस तबादले के पीछे की आधिकारिक वजह को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए यह फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि रवि तिवारी ही वह अधिकारी थे, जिन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणइंदर सिंह को फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) से जुड़े एक पुराने मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया था।

इधर, कैप्टन अमरिंदर सिंह इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं। घुटनों में दर्द की शिकायत के चलते उनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। इसी दौरान हरियाणा के वरिष्ठ नेता अनिल विज सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने उनसे मुलाकात की है।

पंजाब बीजेपी संगठन के महासचिव श्रीनिवासुलु ने भी पूर्व मुख्यमंत्री से हाल ही में भेंट की थी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पार्टी के भीतर अपनी भूमिका और पंजाब में संगठन की दिशा को लेकर उठाए गए सवालों के बाद केंद्रीय एजेंसियों की गतिविधियां तेज हुई थीं।

फिलहाल, ED अधिकारी के तबादले को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। विपक्ष इसे दबाव की राजनीति से जोड़कर देख रहा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले पर सभी की नजरें अब केंद्र सरकार और ED की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *