श्री अकाल तख्त साहिब में विरसा सिंह वल्टोहा पर अहम फैसला, तनखाहिया घोषित
अमृतसर:
श्री अकाल तख्त साहिब में पांच सिंह साहिबानों ने पूर्व अकाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा को तनखाहिया घोषित कर दिया है। यह फैसला पांच सिंह साहिबानों की विशेष बैठक के बाद लिया गया।
श्री अकाल तख्त साहिब की फसील से संबोधित करते हुए जत्थेदार ज्ञान सिंह गरगज्ज ने कहा कि वल्टोहा ने अक्टूबर 2024 में पंथ के शीर्ष संस्थानों और उन पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।
गलती मानने पर सुनाया गया फैसला
जत्थेदार ने वल्टोहा से पूछा कि क्या वे अपनी गलती स्वीकार करते हैं। वल्टोहा ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती मानी और माफी मांगी, जिसके बाद उन्हें तनखाहिया घोषित करते हुए विशेष सेवा का दंड सुनाया गया।
वल्टोहा को मिली तनखाही सेवा
1. श्री हरमंदिर साहिब (अमृतसर):
- 1 घंटे तक लंगर हॉल में झूठे बर्तन धोने की सेवा
- 1 घंटे तक संगत के जूते साफ करने की सेवा
2. तरनतारन साहिब (2 दिन):
- लंगर हॉल में झूठे बर्तन धोना
- संगत के जूते साफ करना
3. श्री केसगढ़ साहिब (एक दिन):
- 1 घंटे लंगर सेवा
- 1 घंटे जूते साफ करने की सेवा
4. 11 दिनों का पाठ:
- रोजाना चौपाई साहिब का पाठ
- रामकली की वार का पाठ
5. तनखाह पूरी होने के बाद:
- 1100 रुपये का कड़ाह प्रसाद करवाना
- 1100 रुपये गुरु की गोलक में अर्पित करना
- दोबारा माफी की अरदास
10 साल की रोक हटी
सेवा के आदेश सुनाते हुए जत्थेदार ने यह भी स्पष्ट किया कि वल्टोहा पर पहले लगाई गई 10 साल की रोक (प्रतिबंध) हटाई जा रही है, क्योंकि उन्होंने गलती स्वीकार कर सेवा का संकल्प लिया है।

