चंडीगढ़ | 03 सितंबर 2025 | पंजाबी दूरदर्शन
पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। इन गंभीर हालातों को देखते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कल से पंजाब दौरे पर रहेंगे।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केजरीवाल बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और वहां स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जानेंगे। साथ ही वे राहत और बचाव कार्यों का भी जमीनी स्तर पर जायजा लेंगे।
CM भगवंत मान रहेंगे साथ
इस दौरे के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान केजरीवाल के साथ रहेंगे। राज्य सरकार पहले ही बाढ़ राहत कार्यों को प्राथमिकता पर लेकर काम कर रही है। मुख्यमंत्री मान, कैबिनेट मंत्री और विधायक बीते कई दिनों से लगातार प्रभावित इलाकों में जाकर राहत सामग्री वितरित कर रहे हैं और प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
अब अरविंद केजरीवाल का यह दौरा राज्य में चल रहे राहत प्रयासों को और मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
आप सरकार का राहत पर फोकस
आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने के लिए संकल्पबद्ध है। फसलों के नुकसान की गिरदावरी के आदेश जारी किए जा चुके हैं और प्रभावित परिवारों को राशन, तिरपाल, दवाइयां और अन्य जरूरी सामग्री मुहैया कराई जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल का दौरा न केवल लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रयास है, बल्कि यह सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम है कि राहत कार्य पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ हों।
पंजाबी दूरदर्शन इस दौरे और बाढ़ राहत प्रयासों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को आप तक पहुंचाता रहेगा। ताज़ा अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।

