कनाडा में पंजाब के 3 युवक गिरफ्तार, घर पर फायरिंग और आगज़नी की साजिश का आरोप

पंजाब डेस्क:
कनाडा से एक गंभीर आपराधिक मामले की खबर सामने आई है। सरी शहर में एक घर के बाहर फायरिंग और आगज़नी की कोशिश के आरोप में पंजाब मूल के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सरी पुलिस ने की है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 1 फरवरी 2026 को क्रिसेंट बीच इलाके में सुबह करीब 3:50 बजे हुई। आरोप है कि तीनों युवकों ने एक आवास के बाहर गोलीबारी की और बाद में आग लगाने की कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजोत सिंह (21), तरनवीर सिंह (19) और दियाजीत सिंह (21) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी पंजाबी मूल के हैं और विदेशी नागरिक होने के कारण इस मामले में कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी को भी जांच में शामिल किया गया है।

घटना के तुरंत बाद तीनों आरोपी एक राइडशेयर टैक्सी के जरिए मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल तीनों आरोपियों को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों से आगे आकर जानकारी देने की अपील की है। साथ ही पुलिस ने आशंका जताई है कि इस घटना का संबंध जबरन वसूली यानी एक्सटॉर्शन नेटवर्क से हो सकता है।

इस संबंध में सरी एक्सटॉर्शन रिवॉर्ड फंड का भी उल्लेख किया गया है, जिसके तहत इस मामले से जुड़ी अहम जानकारी देने वाले को अधिकतम 2.5 मिलियन डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है।

कनाडा में पंजाबी युवकों की गिरफ्तारी की यह घटना एक बार फिर प्रवासी अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *