चंडीगढ़ में बम धमकी से हड़कंप: पंजाब CM Office और कोर्ट खाली, भारी सुरक्षा तैनात

पंजाब CM Office और चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सचिवालय खाली कराया गया

पंजाब डेस्क: Chandigarh में एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पंजाब मुख्यमंत्री कार्यालय और चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी सेक्टर-9 स्थित पंजाब सचिवालय को ईमेल के जरिए भेजी गई बताई जा रही है।

धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सचिवालय परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए। पूरे इलाके को सील कर दिया गया और कर्मचारियों व आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई थी। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। सचिवालय आने-जाने वाले सभी रास्तों को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है।

सुरक्षा कारणों के चलते हरियाणा सचिवालय को भी अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा। फिलहाल सोशल मीडिया पर ईमेल का कथित स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

गौरतलब है कि इससे पहले मोहाली में एक अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जहां उस समय Bhagwant Mann भर्ती थे। बाद में जांच में वह सूचना फर्जी पाई गई थी।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सचिवालय और आसपास के इलाकों की हर स्तर पर जांच कर रही हैं। संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और प्रवेश-निकास मार्गों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *