पंजाबी दूरदर्शन | चंडीगढ़
चंडीगढ़ में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के तीन प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। यह धमकियां ईमेल के माध्यम से भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल, कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल और सेंट जॉन स्कूल को धमकी भरे ईमेल मिले हैं। खास बात यह है कि इन स्कूलों में इस समय छात्रों की परीक्षाएं चल रही थीं, जिससे अभिभावकों और प्रशासन की चिंता और बढ़ गई।
धमकी की सूचना मिलते ही स्कूलों में मौजूद छात्रों को सुरक्षा के मद्देनज़र तुरंत घर भेज दिया गया। इसके बाद चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी परिसरों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है तथा आसपास के इलाकों पर भी नजर रखी जा रही है।
जांच एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच में जुटी हुई हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ईमेल कहां से और किस उद्देश्य से भेजे गए। पुलिस का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

