चंडीगढ़ से शिमला का सफर अब सिर्फ 30 मिनट में, हेली टैक्सी सेवा शुरू

चंडीगढ़:
शिमला जाने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब चंडीगढ़ से शिमला का 4 से 5 घंटे का लंबा सफर महज 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, चंडीगढ़ से शिमला के संजोली हेलीपैड तक हेली टैक्सी सेवा की शुरुआत कर दी गई है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, चंडीगढ़-शिमला रूट पर लंबे समय से हेलीकॉप्टर सेवा की मांग की जा रही थी। इसी मांग को देखते हुए संबंधित कंपनी के साथ समन्वय कर यह सुविधा शुरू की गई है। इस सेवा का शुरुआती किराया लगभग 3169 रुपये रखा गया है, जो फ्लेक्सी फेयर प्रणाली के तहत तय किया जाएगा।

 4–5 घंटे का सफर अब 30 मिनट में

अब तक सड़क या ट्रेन से शिमला पहुंचने में कई घंटे लगते थे, लेकिन हेली टैक्सी सेवा के शुरू होने से यह दूरी सिर्फ आधे घंटे में तय की जा सकेगी। यह सुविधा खासतौर पर वीकेंड पर शिमला घूमने जाने वाले पर्यटकों, बिजनेसमैन, सरकारी अधिकारियों और समय की कमी से जूझ रहे यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

 उड़ान का समय

हेलीकॉप्टर रोजाना सुबह 9:15 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा और करीब 9:45 बजे शिमला के संजोली हेलीपैड पर पहुंचेगा। वापसी में हेलीकॉप्टर सुबह 9:50 बजे संजोली से उड़ान भरकर 10:20 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड करेगा।

 हफ्ते में तीन दिन उपलब्ध

फिलहाल यह हेली टैक्सी सेवा शुक्रवार, शनिवार और सोमवार को उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या और डिमांड को देखते हुए भविष्य में इसके संचालन के दिनों में बढ़ोतरी की जा सकती है।

इस सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि पहाड़ी सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। माना जा रहा है कि इससे हिमाचल प्रदेश के पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी और शिमला आने वाले सैलानियों की संख्या में इजाफा होगा।

हेलीकॉप्टर से यात्रा करने के इच्छुक यात्री आधिकारिक बुकिंग पोर्टल के माध्यम से अपनी टिकट बुक कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *