चंडीगढ़: कहते हैं शौक की कोई कीमत नहीं होती और इसे सच कर दिखाया है चंडीगढ़ के एक शख्स ने। यहां एक व्यक्ति ने सिर्फ़ ₹55,585 के स्कूटर पर ₹15.44 लाख का VIP नंबर लगवाकर सबको चौंका दिया। यानी स्कूटर की असली कीमत से करीब 28 गुना ज़्यादा रकम केवल नंबर प्लेट पर खर्च कर दी गई।
एक अंग्रेज़ी समाचार पत्र की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2020 से जुलाई 2025 तक चंडीगढ़ में VIP नंबरों की नीलामी के कई रिकॉर्ड बने। कई बार नंबर की कीमत गाड़ी की वास्तविक कीमत से कई गुना ज़्यादा रही।
- अप्रैल 2022 का मामला सबसे हैरान करने वाला था, जब एक टू-व्हीलर मालिक ने ₹55,585 के स्कूटर के लिए ₹15.44 लाख खर्च कर नंबर खरीदा।
- वहीं जून 2024 में, ₹59,336 कीमत वाले स्कूटर पर ₹4.95 लाख का VIP नंबर खरीदा गया।
प्रशासन की बढ़ी आमदनी
फैंसी और VIP नंबरों की बढ़ती डिमांड ने प्रशासन की आमदनी में भी इज़ाफा किया है। रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RLA) के रिकॉर्ड बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में VIP नंबरों की नीलामी से करोड़ों रुपये का राजस्व जमा हुआ है।
यह ट्रेंड साफ दिखाता है कि लोगों के लिए लक्ज़री गाड़ियों से ज़्यादा उनकी पहचान और शौक को दर्शाने वाली VIP नंबर प्लेट्स अहम हो गई हैं।