Punjabi Doordarshan | नई दिल्ली
1 फरवरी 2026 से आम लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़े 6 बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इन बदलावों का सीधा असर जेब, यात्रा, लोन, प्रॉपर्टी और धूम्रपान से जुड़े उत्पादों पर पड़ेगा। सबसे बड़ा झटका सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की कीमतों में देखने को मिला है, जबकि फास्टैग यूजर्स को बड़ी राहत दी गई है।
आइए जानते हैं फरवरी से लागू हुए इन अहम बदलावों को विस्तार से—
1. सिगरेट और तंबाकू उत्पाद 40% तक महंगे
सरकार ने 1 फरवरी से तंबाकू उत्पादों पर नया टैक्स स्ट्रक्चर लागू कर दिया है। पान मसाला, गुटखा, खैनी और अन्य तंबाकू उत्पादों पर अब 40% GST लगेगा। पहले 28% GST के साथ अलग से सेस लिया जाता था, जिसे अब हटा दिया गया है।
सिगरेट पर उसकी लंबाई के आधार पर नई एक्साइज ड्यूटी लागू की गई है, जो प्रति स्टिक ₹2.05 से ₹8.5 तक होगी। इसके ऊपर 40% GST भी लगेगा, जिससे बाजार में सिगरेट की कीमतों में 15% से 40% तक बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, बीड़ी उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बीड़ी पर GST घटाकर 18% कर दिया गया है।
2. फास्टैग यूजर्स को KYV वेरिफिकेशन से राहत
नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ने नई कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय KYV (Know Your Vehicle) प्रक्रिया को अनिवार्य नहीं रखा है।
National Highways Authority of India के अनुसार, अब केवल शिकायत या गड़बड़ी की स्थिति में ही KYV की मांग की जाएगी।
इस फैसले से वाहन मालिकों को बार-बार डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन की झंझट से छुटकारा मिलेगा।
3. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹50 तक महंगा
19 किलो वाला कॉमर्शियल LPG सिलेंडर 1 फरवरी से महंगा हो गया है।
- दिल्ली में कीमत ₹49 बढ़कर ₹1740.50
- चेन्नई में ₹50 बढ़कर ₹1899.50
इस बढ़ोतरी का असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट बिजनेस पर पड़ सकता है।
4. RBI की बैठक से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद
Reserve Bank of India की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 4 से 6 फरवरी तक होगी। उम्मीद है कि रेपो रेट में 0.25% की कटौती हो सकती है।
अगर ऐसा हुआ, तो होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI कम हो सकती है।
5. एविएशन फ्यूल सस्ता, हवाई टिकट हो सकते हैं कम
तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम करीब ₹1000 प्रति किलोलीटर घटा दिए हैं। दिल्ली में ATF की कीमत अब ₹91,393.39 प्रति KL हो गई है।
इससे एयरलाइंस की लागत घटेगी और आने वाले दिनों में हवाई टिकट सस्ते होने की संभावना है।
6. प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के लिए आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में अब संपत्ति की खरीद-फरोख्त के लिए आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।
रजिस्ट्री के समय खरीदार, विक्रेता और गवाहों को फिंगरप्रिंट या फेस ऑथेंटिकेशन कराना होगा।
सरकार का उद्देश्य जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और बेनामी संपत्तियों पर रोक लगाना है। भविष्य में इसे पूरे देश में लागू किया जा सकता है।

