जालंधर: जालंधर शहर से देर रात बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर स्थित Eastwood Village में हंगामे के दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें बाउंसर संदीप, निवासी फगवाड़ा, गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान गोली उसकी टांग में लगी, जिसके बाद उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से एक गोली का खोल बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान तलहन निवासी सूक्खा के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने कुछ दूरी से फायरिंग की थी, जिससे बाउंसर घायल हो गया और आरोपी तुरंत वहां से भाग निकला। पुलिस घटनास्थल के CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपी की सटीक लोकेशन और वारदात के कारणों का पता लगाया जा सके।
फायरिंग की इस घटना से ईस्टवुड विलेज और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। हाईवे पर स्थित इस क्षेत्र में देर रात पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।