2 महीने बाद जिंदा लौटी नहर में फेंकी गई बेटी, परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
Punjabi Doordarshan | Updated: 07 Dec, 2025 | Edited By Rishab Chawla
फिरोजपुर: दो महीने पहले जिस लड़की को उसके पिता ने कथित तौर पर मां और बहनों के सामने नहर में फेंक दिया था, वह अब जिंदा वापस लौट आई है। इस चौंकाने वाले घटनाक्रम ने पूरे इलाके के साथ प्रशासन को भी हैरान कर दिया है। घटना का वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पूरे राज्य में इस मामले को लेकर आक्रोश देखा गया था।
जानकारी के अनुसार, लड़की का शव पिछले दो महीनों में पुलिस को नहीं मिला था, जबकि इस मामले में आरोपी पिता जेल में बंद है। लेकिन अब अचानक लड़की के सामने आने से केस ने नया मोड़ ले लिया है।
लड़की ने एक निजी चैनल से बात करते हुए बताया कि नहर में धकेले जाने के बाद किस तरह उसने अपनी जान बचाई। उसके मुताबिक जब उसे धक्का दिया गया, तो उसके हाथों की गांठ अचानक खुल गई और कुछ दूरी पर नहर किनारे पड़ी रस्सी पकड़कर वह बाहर निकल आई। उसने दावा किया कि वह परिवार पर लगाए गए आरोपों में निर्दोष है और हमेशा परिवार का साथ देती रही है।
सबसे बड़ा खुलासा करते हुए लड़की ने अपनी मां पर आरोप लगाया कि उसी के उकसावे पर पिता ने उसे नहर में धक्का दिया था। लड़की के मुताबिक उस समय पिता नशे में थे।
हालांकि युवती ने यह बताने से इंकार किया कि इन दो महीनों में वह कहां और किसके साथ रही। उसने कहा कि भगवान की कृपा से वह जिंदा बच गई और अब वह अपने पिता को जेल से बाहर निकालने के लिए आगे आई है, क्योंकि बाकी छोटे भाई-बहनों को देखभाल की आवश्यकता है।
इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन अब नए सिरे से जांच कर रहे हैं। लड़की ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है।
यह मामला न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि कई सवाल भी खड़े करता है कि आखिर दो महीनों तक लड़की कहां थी और इस पूरी घटना की सच्चाई क्या है। आने वाले दिनों में पुलिस जांच से नई जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

