लुधियाना:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 1 फरवरी को उद्घाटन किए जाने के बाद हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू करने की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। इस बीच एक बड़ी और अहम अपडेट सामने आई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और भारतीय वायुसेना दोनों ने फ्लाइट संचालन के लिए हरी झंडी दे दी है।
दिल्ली रूट से शुरुआत की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती चरण में हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रोजाना दो उड़ानें शुरू किए जाने की योजना है। यह एयरपोर्ट चूंकि एयरफोर्स स्टेशन के भीतर स्थित है, इसलिए सबसे पहले वायुसेना से औपचारिक क्लीयरेंस ली गई। इसके बाद AAI द्वारा फ्लाइट स्लॉट अलॉट किए गए हैं।
इसी कड़ी में एयर इंडिया की टीम ने एयरपोर्ट का दौरा कर ऑफिस स्पेस चिन्हित करने के साथ-साथ ऑपरेशनल तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, अब तक किसी भी विभाग की ओर से फ्लाइट शेड्यूल को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।
संभावित फ्लाइट शेड्यूल (अनौपचारिक जानकारी)
- पहली फ्लाइट: सुबह 7:00 बजे हलवारा पहुंचेगी और 7:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी
- दूसरी फ्लाइट: दोपहर 3:00 बजे हलवारा पहुंचेगी और 3:40 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी
- हलवारा से दिल्ली की यात्रा लगभग 1 घंटा 20 मिनट में पूरी होगी
कोहरे में भी नहीं रुकेगी उड़ान
हलवारा एयरपोर्ट को इस तरह विकसित किया गया है कि जीरो विजिबिलिटी में भी उड़ानों का संचालन प्रभावित न हो। यहां मौजूद CAT-II ILS सिस्टम घने कोहरे के दौरान भी सुरक्षित टेक-ऑफ और लैंडिंग सुनिश्चित करेगा।
एयरपोर्ट का रनवे Airbus A-321 और Boeing 737 जैसे बड़े कमर्शियल विमानों के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। यही कारण है कि साहनेवाल एयरपोर्ट पर पहले आई दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए हलवारा एयरफोर्स स्टेशन में नया एयरपोर्ट विकसित किया गया।
मालवा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात
हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने से लुधियाना और आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। कारोबार, इंडस्ट्री और शिक्षा के लिहाज से यह एयरपोर्ट मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा।

