Israel-Iran War का असर: अमृतसर एयरपोर्ट से कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द, यात्री परेशान

पंजाबी दूरदर्शन | अमृतसर

ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत की अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इस तनावपूर्ण हालात का सीधा प्रभाव अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर देखने को मिला, जहां से कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द या डायवर्ट करनी पड़ीं। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की अमृतसर–शारजाह उड़ान, एयर इंडिया एक्सप्रेस की अमृतसर–दुबई उड़ान और कतर एयरवेज की दोहा–अमृतसर उड़ान रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा एयर इंडिया की कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को ईरान का एयर स्पेस बंद होने के कारण डायवर्ट किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया की दिल्ली से न्यूयॉर्क, लंदन सहित कई अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है। इंडिगो की अमृतसर–शारजाह उड़ान संख्या 6ई-1427 को सूरत डायवर्ट किया गया, जो बाद में शाम करीब 7:30 बजे अमृतसर पहुंची।

अमृतसर एयरपोर्ट के निदेशक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मौजूदा हालात का असर केवल अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है, जबकि घरेलू उड़ानें सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं।

उधर, उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करने और वैकल्पिक व्यवस्था न होने की शिकायत की। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को रिफंड और री-शेड्यूलिंग के विकल्प दिए जा रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में हालात जल्द सामान्य नहीं हुए, तो आने वाले दिनों में और भी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *