जालंधर: पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता के करीबी व्यक्ति की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी जालंधर कैंट क्षेत्र से जुड़े नेता राजविंदर कौर थहिरा के करीबी लक्की ओबराय सुबह गुरुद्वारा साहिब में पाठ करने के बाद बाहर निकले थे। जैसे ही वे अपनी कार में बैठकर घर के लिए रवाना हुए, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अचानक गोलियां बरसा दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की, जिसमें लक्की ओबराय गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।

