जालंधर नगर निगम दफ्तर में हंगामा: लिफ्ट में फंसी हैंडीकैप महिला और हार्ट मरीज, कर्मचारियों ने अधिकारियों के कमरों पर जड़ा ताला

जालंधर | Punjabi Doordarshan 

जालंधर नगर निगम कार्यालय में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक हैंडीकैप महिला और नगर निगम का एक कर्मचारी, जो हार्ट का मरीज बताया जा रहा है, अचानक लिफ्ट में फंस गए। दोनों किसी काम के सिलसिले में चौथी मंजिल पर जा रहे थे, तभी तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच रास्ते में बंद हो गई।

जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति करीब 15 से 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे। इस दौरान दफ्तर में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिला।

कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, अधिकारियों के कमरों पर ताले

घटना के बाद गुस्साए कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और एक्सईएन (XEN) सहित दो वरिष्ठ अधिकारियों के कमरों पर ताला जड़ दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि नगर निगम दफ्तर की लिफ्टें पिछले 3 से 4 महीनों से खराब पड़ी हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

वीडियो आया सामने

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लिफ्ट की बदहाल स्थिति को लेकर एक्सईएन सुखविंद को दफ्तर से बाहर निकाला जा रहा है और उनके कमरे को ताला लगाया जा रहा है। इससे पहले एससी धवन के कार्यालय पर भी कर्मचारियों द्वारा ताला लगाया गया था।

कर्मचारियों का कहना है कि आए दिन लोग लिफ्ट में फंस जाते हैं और सोमवार की घटना ने निगम प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। उन्होंने मांग की है कि दफ्तर की सभी लिफ्टों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *