पंजाब डेस्क
कपूरथला के मोहल्ला लाहौरी गेट में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले बनाई वीडियो
मृतक की पहचान सूरज नाहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवक ने 21 सेकेंड की एक वीडियो रिकॉर्ड की थी, जिसमें उसने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में सूरज रोते हुए कह रहा है कि रीत नाम की लड़की उसे लंबे समय से परेशान कर रही थी और उससे पैसे भी ले चुकी थी।
ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप
युवक ने वीडियो में आरोप लगाया कि महिला उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था।
डेढ़ साल से थी दोस्ती
मृतक की मां पूनम ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की उक्त महिला से करीब डेढ़ साल से दोस्ती थी।
परिवार का आरोप है कि शुरुआत में महिला ने खुद को अविवाहित बताया, लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने सूरज से करीब 2 लाख रुपये की मांग की थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने युवक द्वारा बनाई गई वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार के बयान के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

