लुधियाना में दिनदहाड़े कपड़ा कारोबारी पर जानलेवा हमला, लुटेरा गिरफ्तार

पंजाबी दूरदर्शन | लुधियाना

लुधियाना के थाना दरेसी क्षेत्र के कृपाल नगर में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कपड़ा कारोबारी पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के अनुसार, दुकान में दाखिल होते ही एक आरोपी ने लूट की कोशिश की और विरोध करने पर कारोबारी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।

पीड़ित कारोबारी की पहचान सनी प्रजापति के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लुटेरे ने लूटपाट शुरू की, लेकिन कारोबारी के इनकार करने पर वह बौखला गया और हमला कर दिया। घायल अवस्था में भी कारोबारी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और बाद में पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

हमले में गंभीर रूप से घायल सनी प्रजापति को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। शहर में बढ़ते अपराध को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *