लुधियाना का लाडोवाल टोल प्लाजा किसानों ने किया फ्री, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

पंजाबी दूरदर्शन | लुधियाना

अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से किसानों ने लुधियाना में बड़ा कदम उठाया। भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर से जुड़े किसानों ने लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन करते हुए टोल को पूरी तरह फ्री करवा दिया। इस दौरान किसी भी वाहन से टोल टैक्स नहीं वसूला गया और सभी वाहन बिना शुल्क दिए टोल प्लाजा से गुजरते रहे।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि पंजाब सरकार पिछले चार वर्षों से लगातार जनता को गुमराह कर रही है। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी से जुड़े मामलों पर सरकार अब तक कोई सख्त कानून नहीं बना पाई है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

धरने के दौरान किसान नेताओं करमजीत सिंह, गुरिंदर सिंह, सुखदेव सिंह, बूटा सिंह, जगजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, अजमेर सिंह और जतिंदर सिंह जोती ने कहा कि किसान यूनियन की यह कार्रवाई सरकार के लिए एक चेतावनी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द ही बेअदबी के मामलों में कठोर कानून नहीं बनाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

किसान नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है, लेकिन सरकार की अनदेखी के चलते उन्हें इस तरह के कदम उठाने पड़ रहे हैं। मौके पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जाती रही।

लाडोवाल टोल प्लाजा फ्री होने से आम लोगों और वाहन चालकों को अस्थायी राहत जरूर मिली, लेकिन इस प्रदर्शन ने एक बार फिर पंजाब में किसान आंदोलनों और सरकार के बीच बढ़ते तनाव को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *