Nancy Grewal Murder Case: गैंगस्टर आकाश हरीके ने ली हत्या की जिम्मेदारी का दावा, सोशल मीडिया पोस्ट से दी चेतावनी

Punjabi Doordarshan | अंतरराष्ट्रीय डेस्क

कनाडा में हुई पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Nancy Grewal की हत्या के मामले में एक नया दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में कुख्यात गैंगस्टर आकाश हरीके ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में जिम्मेदारी का दावा

बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर आकाश हरीके के नाम से बने एक अकाउंट से पोस्ट साझा की गई, जिसमें कहा गया कि नैंसी ग्रेवाल की हत्या उसके साथियों द्वारा की गई है और इसकी जिम्मेदारी आकाश हरीके तथा सुखा संधू लेते हैं।

पोस्ट में यह भी लिखा गया कि जो भी धर्म या कौम के खिलाफ बोलेगा, उसे इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

 

मॉन्ट्रियल के पास हुई थी हत्या

गौरतलब है कि 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा के मॉन्ट्रियल के पास लासाल इलाके में उनके घर के अंदर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को इमरजेंसी कॉल मिलने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

विवादों में रहती थीं नैन्सी

जानकारी के अनुसार 2018 में कनाडा जाने के बाद नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोलती थीं। उनके कुछ वीडियो और बयान विवादों में भी रहे थे, जिसके बाद उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिलने की बात भी सामने आई थी।

पहले भी हो चुका था हमला

परिवार के अनुसार, नैन्सी पर इससे पहले भी दो बार हमला किया जा चुका था। हालांकि वह उस समय बच गई थीं। उनकी मां का कहना है कि उनकी बेटी ने कभी दबाव में आकर अपने विचार बदलने से इनकार कर दिया था।

पुलिस कर रही जांच

इस पूरे मामले की जांच Service de police de la Ville de Montréal द्वारा की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *