चंडीगढ़: पंजाब की सियासत एक बार फिर गरमाती नजर आ रही है। कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के सक्रिय राजनीति में वापसी के संकेत मिलते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हाल ही में सिद्धू ने प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की, जिसके बाद उनके दोबारा सक्रिय राजनीति में उतरने की चर्चाएं जोरों पर हैं।
CM भगवंत मान ने दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पत्रकारों से बातचीत में सिद्धू की संभावित वापसी पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा,
“कोई भी जब चाहे राजनीति में शामिल होने या छोड़ने के लिए स्वतंत्र है। यह खुशी की बात है कि नवजोत सिद्धू ने अपने अन्य रुचियों से हटकर एक बार फिर पंजाब को याद किया है।”
सीएम मान ने आगे कहा कि सिद्धू से अब किसी “नई या बेहतर” सोच की उम्मीद नहीं की जा सकती क्योंकि वे हमेशा अपना पुराना एजेंडा ही दोहराते हैं।
“नए सफर के लिए शुभकामनाएँ”
हालांकि तंज कसने के बावजूद भगवंत मान ने सिद्धू को उनके नए राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।
उन्होंने कहा कि क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू को अब यह साबित करना होगा कि वे पंजाब की जनता के हित में वास्तव में कितने गंभीर हैं।
सिद्धू की वापसी से कांग्रेस में हलचल
नवजोत सिंह सिद्धू की सक्रियता से कांग्रेस के अंदर भी नई उथल-पुथल देखने को मिल रही है। कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धू का दोबारा मैदान में उतरना पार्टी के अंदर पावर बैलेंस को प्रभावित कर सकता है।
सिद्धू पहले भी पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और अपनी तीखी बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। अब देखना होगा कि उनकी वापसी से राज्य की राजनीति में क्या नया समीकरण बनता है।