पंजाबी डोरदर्शन | मोहाली डेस्क
पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें रात के समय डिनर करने के बाद सांस लेने में परेशानी महसूस हुई, जिसके चलते परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मंत्री संजीव अरोड़ा को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने एहतियातन उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में निगरानी में रखा है। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
सूत्रों ने बताया कि फिलहाल मंत्री की हालत स्थिर है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। प्रारंभिक जांच में सभी जरूरी मेडिकल पैरामीटर सामान्य पाए गए हैं। डॉक्टरों का मानना है कि अत्यधिक काम और लगातार व्यस्त कार्यक्रम के चलते उन्हें यह दिक्कत हुई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, संजीव अरोड़ा को पूरी तरह आराम करने की सलाह दी गई है और अगले 24 घंटे तक उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जांच भी की जा सकती है।
मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। कई राजनीतिक नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

