विधानसभा में गरमाया माहौल, CM मान के भाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों का हंगामा
Punjabi Doordarshan | चंडीगढ़
केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलावों के विरोध में चल रहे पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान उस समय सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सदन में अपना संबोधन शुरू किया।
मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद अन्य कांग्रेसी विधायक भी नारेबाजी में शामिल हो गए। बढ़ते शोर-शराबे के बीच स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के निर्देश पर सुखपाल खैहरा को सदन से बाहर कर दिया गया।
CM मान का कांग्रेस पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हंगामे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस उन्हें सदन में बोलने का अवसर नहीं देती, इसलिए वे अपनी भड़ास यहां निकाल रहे हैं। उन्होंने स्पीकर से कहा कि यह मुद्दा बेहद गंभीर है और जो सदस्य सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं, उन्हें बाहर किया जाना चाहिए।
सीएम मान ने सवाल उठाया कि कांग्रेस मनरेगा के समर्थन में है या इसके खिलाफ, क्योंकि उन्हें डर है कि यदि वह अपनी बात रखेंगे तो उनके कई राज़ खुल जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ये लोग उनके भाषण को बाधित कर रहे हैं, लेकिन वे उनके जैसे नहीं हैं कि पढ़ते ही कुर्सियों पर बैठ जाएं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सदन को मज़ाक बना कर रख दिया है।
कांग्रेस के भविष्य पर तंज
सीएम मान ने कांग्रेस के रवैये पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस तरह से कांग्रेस का व्यवहार है, इस बार जितने विधायक हैं, अगली बार उतने भी नहीं रहेंगे। उन्होंने विधायक परगट सिंह पर भी तंज कसते हुए कहा कि जब आप यहां हमारे साथ बैठते नहीं हैं, तो फिर दिल्ली क्यों जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस सत्र को लंबा करने की मांग तो करती है, लेकिन चार घंटे के सत्र में भी बैठ नहीं पाती, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे भाजपा के साथ मिले हुए हैं।

