पंजाब और चंडीगढ़ में बैंक सेवाएं प्रभावित: सेक्टर-17 में कर्मचारियों का धरना, डिजिटल सेवाएं रहेंगी चालू
चंडीगढ़ | Punjabi Doordarshan
पंजाब और चंडीगढ़ में मंगलवार से बैंक कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हो गई है, जिसके चलते आम जनता की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर की जा रही है, जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं।
हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज, नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट और अन्य आवश्यक बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। खासतौर पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत अन्य सरकारी बैंकों में सेवाएं बाधित रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं निजी बैंकों की सेवाएं आंशिक रूप से जारी रह सकती हैं।
चंडीगढ़ सेक्टर-17 में धरना प्रदर्शन
UFBU के आह्वान पर आज देशभर में ऑल इंडिया बैंक स्ट्राइक आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ में बैंक कर्मचारी सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर में विशाल धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। यह धरना एसबीआई मेन ब्रांच के सामने और पीएनबी जोनल ऑफिस के नजदीक आयोजित किया गया है।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
हालांकि हड़ताल के दौरान मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की उम्मीद है। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे जरूरी लेन-देन के लिए डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग करें।
ग्राहकों को हो सकती है परेशानी
हड़ताल के चलते नकदी निकासी, चेक जमा, डिमांड ड्राफ्ट और शाखा से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों में ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि बैंक शाखा जाने से पहले अपने संबंधित बैंक की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

