पंजाब में बर्फीली ठंड का कहर: बठिंडा 1.6°C के साथ सबसे ठंडा, 15 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी
चंडीगढ़ | Punjabi Doordarshan डेस्क
पंजाब इस समय शीत लहर और घने कोहरे की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ नजर आ रहा है, जिससे पूरे राज्य में तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार, बठिंडा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान मात्र 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पटियाला में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 6 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने 12 से 15 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही सीमावर्ती जिलों में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी भी दी गई है।
दिन-रात के तापमान में भारी अंतर, बढ़ा बीमारियों का खतरा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जालंधर सहित कई जिलों में दिन और रात के तापमान में 14 डिग्री से अधिक का अंतर देखा जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। दोपहर में निकलने वाली धूप के कारण लोग हल्के कपड़े पहन लेते हैं, लेकिन शाम को अचानक बढ़ती ठंड बीमारियों को न्योता दे रही है।
विशेष रूप से सड़क किनारे जीवन यापन करने वाले लोगों के लिए यह मौसम अत्यधिक कठिन साबित हो रहा है।
48 घंटों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। लगातार धूप निकलने से वातावरण में घुली ठंडक धीरे-धीरे कम होगी और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
लोहड़ी की ठंड में बढ़ी रौनक, लकड़ी-कोयले की मांग तेज
भीषण ठंड के बीच लोहड़ी पर्व का उत्साह और भी बढ़ गया है। शहरों में जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत लेते नजर आ रहे हैं। ठंड के चलते लकड़ी और कोयले की मांग में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
सरकार की अपील: सावधानी बरतें
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं, विशेषकर सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का प्रयोग अवश्य करें।

