फिरोजपुर: पंजाब में बाढ़ ने अपनी तबाही का डरावना मंजर दिखाया है, और राज्य के कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं। हालात हर दिन गंभीर होते जा रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानियों और दुखों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज फिरोजपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और बाढ़ से जूझ रहे सरहदी गांवों के लोगों से मुलाकात की।
यह दौरा उनके लिए बेहद भावुक क्षण साबित हुआ, जब बाढ़ पीड़ित एक महिला ने अपनी परेशानियों को साझा किया और कहा कि अब सब कुछ बहकर चला जाएगा और हमारे पास कुछ नहीं बच पाएगा। इस पर मुख्यमंत्री मान भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा, “यह एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन सब कुछ ठीक हो जाएगा। आप सब मुझ पर छोड़ दें, मैं हर संभव मदद करूंगा।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान न केवल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, बल्कि बाढ़ प्रबंधन पर भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे बाढ़ पीड़ितों की सहायता में कोई कमी न छोड़ें और हर संभव राहत मुहैया कराएं।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने आज एक उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई है, जिसमें राज्यभर में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की जाएगी और बाढ़ से बचाव के लिए जरूरी कदमों पर विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मान ने इस आपदा से निपटने के लिए राज्य सरकार की पूरी ताकत झोंकने का आश्वासन दिया है, ताकि हर प्रभावित व्यक्ति को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।