पंजाबी दूरदर्शन | पंजाब डेस्क
पंजाब में होली के पर्व को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। पंजाब सरकार ने बुधवार, 4 मार्च को पूरे राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन सभी सरकारी कार्यालय, बोर्ड, निगम और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
जारी आदेशों के अनुसार, इस अवकाश के तहत सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। चूंकि यह छुट्टी नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के अंतर्गत घोषित की गई है, इसलिए राज्यभर में बैंक भी बंद रहेंगे।
धार्मिक पंचांग के अनुसार, फाल्गुन पूर्णिमा 2 मार्च से 3 मार्च तक रहेगी। इस वर्ष होलिका दहन 3 मार्च की शाम को किया जाएगा, जबकि रंगों की होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। त्योहार के मद्देनज़र प्रशासन ने यह अवकाश घोषित किया है, ताकि लोग होली का पर्व शांति, सुरक्षा और उल्लास के साथ मना सकें।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान सौहार्द बनाए रखें और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचें।

