पंजाब में फिर मर्डर: बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, पेटी से मिला शव
Hoshiarpur: पंजाब के होशियारपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव भाम में एक 99 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव घर के अंदर रखी एक पेटी से बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक महिला की पहचान जोगिंदर कौर, पत्नी मलकीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेली रहती थीं, जबकि उनका बेटा विदेश में ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है। इस जघन्य वारदात का खुलासा उस समय हुआ, जब दूध देने वाला व्यक्ति रोज़ाना की तरह घर पहुंचा और अंदर से कोई जवाब न मिलने पर गांव वालों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी उसी गांव का रहने वाला है और नशे का आदी है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और आने वाले समय में बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

