Punjabi Doordarshan | जालंधर डेस्क
जालंधर: जिले के मेहतपुर क्षेत्र के गांव उदोवाल में एक युवा कबड्डी खिलाड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान वंश के रूप में हुई है।
सड़क किनारे मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार वंश घर से पास के बालोकी खेड़ा रोड की ओर गया हुआ था। इसी दौरान उसका शव संदिग्ध हालत में मिला। राहगीरों ने शव देख तुरंत गांव के सरपंच और परिवार को सूचना दी।
नशे की ओवरडोज का शक
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हो सकती है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्कूल स्तर का खिलाड़ी था वंश
बताया जा रहा है कि वंश ने करीब दो साल पहले 12वीं कक्षा पास की थी और स्कूल स्तर से ही कबड्डी खेलता था। वह कई टूर्नामेंट में भी हिस्सा ले चुका था और गांव में एक उभरते खिलाड़ी के रूप में जाना जाता था।
गांव में पहले भी हुई ऐसी मौत
गांव के पंच मनप्रीत सिंह के अनुसार वंश एक अच्छा खिलाड़ी था, लेकिन स्कूल छोड़ने के बाद वह नशे की गिरफ्त में आ गया था।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 17 फरवरी को गांव के ही निवासी जसदीप सिंह जस्सा की भी संदिग्ध ओवरडोज से मौत हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी।
परिवार ने नहीं दी पुलिस को शिकायत
मृतक के परिवार ने इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी है और अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

