पंजाब में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश जारी किए गए हैं कि ब्लैक में गैस सिलेंडर बेचने वालों और जमाखोरों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
ब्लैक में महंगे दामों पर बिक रहे सिलेंडर
जानकारी के अनुसार कुछ स्थानों पर 900 रुपये का घरेलू गैस सिलेंडर 1200 से 1300 रुपये तक में ब्लैक में बेचे जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि कुछ लोग बड़ी संख्या में सिलेंडर जमा करके कृत्रिम कमी पैदा कर रहे हैं।
उद्योगों को भी हो रही परेशानी
औद्योगिक इकाइयों का कहना है कि औद्योगिक गैस सिलेंडर की कमी के कारण उन्हें फर्नेस चलाने में दिक्कत आ रही है। इसके चलते कई उद्योगों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
जिलों में छापेमारी के आदेश
सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ मिलकर जमाखोरों के खिलाफ छापेमारी की जाए।
यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ पुलिस केस दर्ज करने की भी कार्रवाई की जा सकती है।
सरकार ने दी सफाई
सरकार का कहना है कि देश में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को सामान्य रूप से 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

