चंडीगढ़/पंजाब डेस्क: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट मीटिंग में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पंजाब यूनिफाइड बिल्डिंग बिल-2025 को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इस फैसले के तहत अब इमारतों की अधिकतम ऊंचाई 15 मीटर से बढ़ाकर 21 मीटर कर दी गई है।
बरनाला नगर परिषद अब नगर निगम
कैबिनेट ने बरनाला नगर परिषद को नगर निगम में अपग्रेड करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बरनाला की जनसंख्या और जीएसटी संग्रह नगर निगम की शर्तों को पूरा करते हैं। बरनाला के लोगों की यह लंबे समय से मांग थी, क्योंकि यह इलाका औद्योगिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है।
लुधियाना उत्तर में बनेगी नई उप-तहसील
लोगों की प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए लुधियाना उत्तर में एक नई उप-तहसील बनाने की भी मंजूरी दी गई है। इससे स्थानीय नागरिकों को सरकारी कार्यों में आसानी होगी और समय की बचत होगी।
खेलों के लिए बड़ा फैसला
राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार ने पंजाब स्पोर्ट्स मेडिसिन कैडर के तहत 100 से अधिक नए पद सृजित करने का निर्णय लिया है। इससे खेल जगत को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सहायता मिलेगी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार होगा।
डेराबस्सी में 100-बेड का ईएसआई अस्पताल
कैबिनेट ने डेराबस्सी में 100 बिस्तरों वाले ईएसआई अस्पताल खोलने की मंजूरी दी है। इसके लिए आवश्यक जमीन सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह कदम औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए राहतभरा साबित होगा।
नशा मुक्ति केंद्रों में सख्त निगरानी
सरकार ने नशा मुक्ति केंद्रों के नियमों में संशोधन करते हुए सख्ती बढ़ाने का भी निर्णय लिया है। अब इन केंद्रों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य होगी और मरीजों को दी जाने वाली दवाइयों की आपूर्ति सरकार की निगरानी में होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि ये फैसले पंजाब के विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

